NEWS PR डेस्क: पटना। राज्य के सभी 537 अंचल कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री Vijay Kumar Sinha ने शुक्रवार को घोषणा की कि सभी अंचलों में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिनकी निगरानी अब ऑनलाइन संभव होगी।
मंत्री ने बताया कि प्रत्येक अंचल कार्यालय में 2 मेगापिक्सल के हाई-क्वालिटी कलर कैमरे ऑडियो सपोर्ट के साथ लगाए जाएंगे। इसके साथ 16-चैनल एनवीआर और कम से कम 30 दिनों की अनिवार्य रिकॉर्डिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम कार्यालयों की सुरक्षा और कार्यप्रणाली की गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है तथा निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
निगरानी प्रणाली को हाई-स्पीड नेटवर्क और Bihar State Wide Area Network (बिस्वान) से जोड़ा जाएगा, जिससे पटना स्थित सेंट्रल कमांड सेंटर से सभी अंचल कार्यालयों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। अंचल अधिकारी कक्ष, प्रशासनिक कक्ष और मुख्य प्रवेश द्वार को अनिवार्य रूप से कैमरों की कवरेज में शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता, एसडीओ और डीसीएलआर को मोबाइल ऐप के माध्यम से किसी भी समय लाइव फीड देखने की सुविधा मिलेगी। संबंधित अंचल अधिकारी को भी अपने मोबाइल पर सभी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग करनी होगी।
सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि अंचल कार्यालयों में आम नागरिकों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहें। इस पहल को प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने और आम लोगों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।