बांका में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश, हथियारों का जखीरा बरामद

हार एसटीएफ की आर्म्स सेल से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। बांका एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में धोरैया पुलिस ने सरवा गांव निवासी बोध नारायण मंडल के घर पर छापा मारा।

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बांका, 09 अप्रैल। जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत सरवा गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिहार एसटीएफ की आर्म्स सेल से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। बांका एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में धोरैया पुलिस ने सरवा गांव निवासी बोध नारायण मंडल के घर पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण और सामग्री बरामद हुई। इनमें दो अर्धनिर्मित पिस्टल, पिस्टल के बैरल और स्लाइड, कई छोटे-छोटे पार्ट्स तथा सात जिंदा गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा ग्राइंडर, लेथ मशीन के हिस्से, ड्रिल बिट, डाई और अन्य लोहे के औजार भी मौके से जब्त किए गए।

पुलिस ने मौके से आरोपी बोध नारायण मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण में संलिप्त था।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि यहां तैयार किए गए हथियार किन-किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अवैध हथियारों के कारोबार पर लगाम लगाने में मदद मिल सकती है।

Share This Article