NEWSPR डेस्क। मुजफ्फरपुर में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने पुलिस सुरक्षा के सारे दावे को झूठा साबित करते हुए खूनी खेल खेला है। इससे अहियापुर इलाके में कोहराम मचा हुआ है। इस बार अपराधियों ने एक मुखिया पति को अपनी गोली का शिकार बनाया है। घटना के बाद से पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।मुजफ्फरपुर में अपराधी बेखौफ हैं, जब चाहे जहां चाहे आम से लेकर खास को अपना निशाना बना रहे हैं.
शनिवार को पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े मुखिया पति पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दोपहर 2.30 बजे अहियापुर के बड़ा जगन्नाथ गांव में बाइक सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मुखिया पति प्रकाश चंद्र यादव को गोली मार दी। उन्हें चार गोली लगी हैं। आनन-फानन में इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया। जहां उनकी स्तिथि गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
अहियापुर पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। मौके से मुखिया पति की बाइक और एक खोखा बरामद किया गया है। घायल ने बताया कि सुबह में उनके घर पर दो युवक आए और कहा कि आधार और आवासीय बनवाना है। इसपर उन्होंने कहा कि आवासीय ऑनलाइन बनता है। फिर दोनों ने कहा कि दो तीन प्रूफ बनवाना है। फिर चले गए। दोपहर में वे अपने एक स्टाफ टूनटुन सहनी के साथ चौक पर गए। बाइक पर सवार हुए। थोड़ी दूर आगे निकले ही थे कि पीछे से फायरिंग शुरू हो गई। देखा तो दो युवक फायरिंग कर रहे थे। इसमें उन्हें चार गोली लग गई।
घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि एक अपराधी की उम्र करीब 26 और दूसरे की 30 होगी। अहियापुर से लेकर अस्पताल तक लोगों का तांता लगा हुआ है। इधर अहियापुर थानेदार मो. कैसर ने बताया कि घटनास्थल की छानबीन की गई है। मौके से एक खोखा बरामद किया गया है। जांच की जा रही है।