NEWS PR डेस्क: पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ खेलने पर सहमति जता दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेला जाएगा। यह फैसला लाहौर में हुई एक अहम बैठक के बाद लिया गया है।
इस बैठक में पाकिस्तान और बांग्लादेश ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें से कुछ को आईसीसी ने मान लिया है। बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर किए जाने के बाद मुआवजे की मांग की गई थी। आईसीसी इस पर सहमत हो गया है और मुआवजे के तौर पर बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप और महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी दिए जाने की संभावना है।
वहीं पाकिस्तान ने आईसीसी राजस्व में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग रखी थी। मौजूदा समय में आईसीसी के कुल राजस्व में पाकिस्तान की हिस्सेदारी करीब 5.75 प्रतिशत है, जो लगभग 34 से 35 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर बताई जाती है। आईसीसी ने इस मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
द्विपक्षीय भारत-पाक सीरीज पर सहमति नहीं
हालांकि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज को लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी है। दोनों देशों के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज साल 2012 में खेली गई थी। पाकिस्तान की ओर से इसे दोबारा शुरू करने की मांग की गई थी, लेकिन आईसीसी ने इसे खारिज कर दिया। आईसीसी का कहना है कि किसी भी दो देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज कराना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हाइब्रिड मॉडल के तहत न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान दोनों देशों के बोर्ड्स के बीच इस मॉडल पर सहमति बनी थी, जिसके बाद से भारत-पाकिस्तान के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए जाते रहे हैं।