विदेश जाने वाले कामगारों को जागरूक बनाने की पहल, पटना में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार में विदेश रोजगार के लिए जाने वाले युवाओं को आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पटना में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार के तत्वावधान में यह कार्यक्रम प्रतिबिंब, नियोजन भवन, पटना में आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के सभी जिलों से आए नियोजन पदाधिकारियों ने भाग लिया।

यह कार्यशाला प्रस्थान पूर्व अभिमुखीकरण प्रशिक्षण (PDOT) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रित थी। इसका उद्देश्य विदेश रोजगार के लिए जाने वाले अभ्यर्थियों को प्रस्थान से पहले आवश्यक जानकारी देने के लिए जिला स्तर के अधिकारियों की क्षमता को मजबूत करना था।

कार्यशाला का उद्घाटन विभाग के अपर सचिव हेमंत कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि विदेश जाने वाले कामगारों को पहले से प्रशिक्षण देना बेहद जरूरी है, ताकि वे संबंधित देश के कानून, कार्यस्थल की परिस्थितियों, सांस्कृतिक पहलुओं और अपने अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में जागरूक हो सकें।

इस अवसर पर उत्प्रवासी संरक्षक संजय कुमार ने सुरक्षित और वैध प्रवासन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और प्रवासी कामगारों के अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं संयुक्त निदेशक नियोजन प्रियंका कुमारी ने कहा कि PDOT कार्यक्रम के जरिए प्रवासी कामगारों को जागरूक बनाकर उन्हें संभावित जोखिमों से बचाया जा सकता है।

कार्यशाला के दौरान उप निदेशक (मुख्यालय) श्याम प्रकाश शुक्ला ने PDOT प्रशिक्षण के विभिन्न मॉड्यूल और इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण को पांच प्रमुख मॉड्यूल में विभाजित किया गया, जिनमें सुरक्षित और वैध प्रवासन की प्रक्रिया, विदेश जाने से पहले जरूरी दस्तावेज, गंतव्य देश के कानून व कार्य परिस्थितियां, प्रवासी कामगारों के अधिकार और शिकायत निवारण तंत्र तथा आपातकालीन सहायता और भारतीय मिशनों की भूमिका शामिल थीं।

कार्यशाला में राज्य के सभी जिलों से आए अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए। अंत में उम्मीद जताई गई कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से राज्य में PDOT कार्यक्रम को और मजबूत बनाया जाएगा, जिससे विदेश रोजगार के लिए जाने वाले युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और सुरक्षा मिल सकेगी।

Share This Article