ईरान-इजराइल तनाव की आंच पहुंचा बिहार, मिसाइल हमले में बेतिया के कैप्टन आशीष कुमार की मौत

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब भारतीय नागरिकों पर भी पड़ता दिख रहा है। ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले में बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया निवासी मर्चेंट नेवी के कैप्टन आशीष कुमार की मौत हो गई है। कंपनी ने बुधवार को उनके परिजनों को आधिकारिक रूप से इस दुखद खबर की सूचना दी, जिसके बाद परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, कैप्टन आशीष कुमार ‘Skylight’ नामक तेल टैंकर पर तैनात थे। 1 मार्च की सुबह ओमान के खासब तट के पास एंकर पर खड़े इस टैंकर पर मिसाइल से हमला किया गया। इस हमले के बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकांश क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन कैप्टन आशीष कुमार समेत दो लोग लापता हो गए थे।

घटना के बाद से उनकी तलाश जारी थी, लेकिन बुधवार को कंपनी की ओर से पुष्टि की गई कि मिसाइल हमले में उनकी मौत हो गई। इस हादसे में राजस्थान के नागौर निवासी दलीप की भी जान चली गई है और उनके शव की तलाश जारी बताई जा रही है।

बताया जाता है कि कैप्टन आशीष कुमार लंबे समय से मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे और अपने पेशे में बेहद अनुभवी माने जाते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बेतिया स्थित उनके गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

दरअसल, ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब खाड़ी क्षेत्र तक पहुंच चुका है। ईरान की ओर से खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों और समुद्री मार्गों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में मध्य पूर्व के समुद्री रास्तों पर सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।

Share This Article