कटिहार अंचल कार्यालय बना दंगल का अखाड़ा, CO और प्रधान लिपिक में जमकर मारपीट; CCTV में कैद हुआ पूरा मामला

Shreya Raj
Shreya madam, कटिहार अंचल कार्यालय में CO और प्रधान लिपिक के बीच मारपीट, CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम।

NEWS PR डेस्क: कटिहार: कटिहार अंचल कार्यालय में सोमवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक संजय वर्मा और अंचल अधिकारी सोनू भगत के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया। दोनों के बीच कार्यालय परिसर में ही लात-घूंसे चलने लगे। इस पूरी घटना का वीडियो कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है, जो अब वायरल होकर सामने आया है।

कहासुनी के बाद दोनों अधिकारी आपस में भिड़े

जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर प्रधान लिपिक संजय वर्मा और अंचल अधिकारी सोनू भगत के बीच विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं हुई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों एक-दूसरे से भिड़ गए और कार्यालय में ही हाथापाई शुरू हो गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मारपीट की यह पूरी घटना अंचल कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला अब चर्चा में है।

दोनों पक्षों ने सहायक थाना में दिया आवेदन

घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। प्रधान लिपिक संजय वर्मा और अंचल अधिकारी सोनू भगत, दोनों पक्षों की ओर से सहायक थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस अब प्राप्त आवेदनों और सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों अधिकारियों के बीच विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फाइल डीलिंग के दौरान कथित अवैध वसूली को लेकर विवाद की चर्चा

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अंचल कार्यालय में लोगों की फाइल डीलिंग के दौरान कथित तौर पर अवैध रूप से राशि वसूले जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था हालांकि, यह बात अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है और न ही प्रशासन की ओर से विवाद की वजह की पुष्टि की गई है।

ऐसे में विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल वायरल CCTV फुटेज और दोनों पक्षों की ओर से दिए गए आवेदनों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है।

डीएम आशुतोष द्विवेदी ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के डीएम आशुतोष द्विवेदी ने पूरे प्रकरण की जांच का आदेश दिया है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट की घटना के लिए कौन-कौन जिम्मेदार है। कटिहार राजस्व विभाग के अंचल कार्यालय में अंचल अधिकारी और प्रधान लिपिक के बीच हुई इस मारपीट के बाद जिले में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कार्यालय में हुई इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

कटिहार से रिपोर्टर : रतन कुमार

Share This Article