लखीसराय में हाई स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक और उनकी पत्नी की हत्या

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। लखीसराय में वृद्ध दंपति की हत्या कर दी गई है। घटना सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि डकैती के दौरान बदमाशों ने हत्या की है। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घर को भी सील कर दिया है। किसी दूसरे व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी है। जानकारी के मुताबिक मृतक का घर रामपुर गांव में एनएच 80 के किनारे स्थित है। मृतक की पहचान सुरेश सिंह और उनकी पत्नी जगतारण देवी के रूप में हुई है। सुरेश सिंह रामपुर में ही हाई स्कूल के रिटायर शिक्षक बताए जा रहे हैं। दोनों की उम्र 70 वर्ष से ऊपर है। मृतक दंपती को एकमात्र पुत्र है, जो मुंबई में रहता है। वही बहू सूर्यगढ़ा में आंगनवाड़ी सेविका के पद पर कार्यरत हैं। इकलौती पुत्री की भी पूर्व में ही शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि दंपती की हत्या करने वाले लोग घर के पिछले हिस्से की क्षतिग्रस्त खिड़की से प्रवेश कर गए और घटना को अंजाम दिया। घर का मुख्य दरवाजा बंद था। सुबह देर तक जब दोनों लोग घर से बाहर नहीं निकले तो आस-पड़ोस के लोगों को शंका हुई और दोनों की हत्या हो जाने की जानकारी हुई।

इधर, बताया जा रहा है कि मृतक का पुत्र भी छठ पर्व को लेकर घर आया हुआ है। वह अपनी पत्नी के घर सूर्यगढ़ा में घटना वाली रात मौजूद था। सुबह जब लोगों से उनके माता पिता की हत्या हो जाने की जानकारी मिली, तो वे गांव आए हैं। उन्होंने फिलहाल हत्या के सभी कारणों से अनभिज्ञता जाहिर की है। वही ग्रामीण सूत्रों की माने तो दो-तीन दिन पूर्व रिटायर्ड शिक्षक ने बैंक से पैसों की भी निकासी की थी। रिटायर्ड शिक्षक सुरेश सिंह सूद कारोबारी भी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह कई लोगों को अब तक सूद पर पैसा देते रहे हैं। दो दिन पूर्व में दो लोगों को सूद पर पैसा दिए जाने की बात सामने आ रही है।

Share This Article