लालू यादव को कोर्ट से बड़ी राहत, सिंगापुर जाने की मिली मंजूरी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव को स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर जाने की अनुमति मिल गई है। सीबीआई की विशेष अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश दिया है।

जानकारी के मुताबिक, लालू यादव ने कोर्ट में आवेदन देकर नियमित स्वास्थ्य जांच और डॉक्टरों से परामर्श के लिए सिंगापुर जाने की अनुमति मांगी थी। अदालत ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए राहत प्रदान की। बताया जा रहा है कि वे जून के पहले सप्ताह में सिंगापुर रवाना होंगे।

गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव का पहले सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हो चुका है। इसके बाद से उन्हें समय-समय पर वहां जाकर मेडिकल चेकअप कराना पड़ता है। चारा घोटाला मामले में सजा होने के कारण उनका पासपोर्ट अदालत के पास जमा था, इसलिए विदेश यात्रा के लिए उन्हें न्यायालय से अनुमति लेनी पड़ी।

राजद सुप्रीमो की ओर से दायर अर्जी में कहा गया था कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद जरूरी रूटीन जांच और चिकित्सकीय सलाह के लिए उनका सिंगापुर जाना आवश्यक है। कोर्ट ने इस आधार पर उनके पासपोर्ट को अस्थायी रूप से जारी करने की अनुमति दे दी।

इस मामले में लालू यादव के अधिवक्ता प्रभात कुमार ने बताया कि इलाज और जांच पूरी होने के बाद लालू यादव भारत लौटेंगे और फिर अपना पासपोर्ट दोबारा अदालत में जमा कर देंगे।

Share This Article