NEWS PR डेस्क: शुक्रवार (30 जनवरी) को पटना में महिला पंख हाट का आयोजन किया गया, जिसने महिला उद्यमियों को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच दिया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के उधोग मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया। मौके पर मंत्री अशोक चौधरी और बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार भी उपस्थित थे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला पंख हाट जैसे मंच महिलाओं को सीधे बाज़ार से जोड़ते हैं, जिससे उनके बनाए उत्पादों को पहचान मिलती है और आमदनी के नए रास्ते खुलते हैं।
मंत्री जायसवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह हाट महिलाओं की रचनात्मकता, परिश्रम और उद्यमशीलता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे आयोजन न केवल महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि राज्य के समग्र आर्थिक विकास में भी योगदान देते हैं।
उन्होंने बताया कि भूमिहार महिला समाज द्वारा आयोजित यह पंख हाट का पांचवां संस्करण है, जो लगातार सफलतापूर्वक महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित कर रहा है। यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि जब महिलाओं को अवसर मिलता है, तो वे आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर सकती हैं।