कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई, मधुबनी में लिपिक सेवा से बर्खास्त

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 29 मई । मधुबनी जिला प्रशासन ने सरकारी सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए बेनीपट्टी प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित एक निलंबित लिपिक को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद यह कठोर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार बेनीपट्टी प्रखंड कार्यालय में कार्यरत लिपिक दिनेश कुमार झा के खिलाफ लंबे समय से विभागीय जांच चल रही थी। जांच में उन पर बिना अनुमति लगातार कार्यालय से अनुपस्थित रहने, न्यायालय से संबंधित अभिलेखों का समुचित संधारण नहीं करने, गोपनीय सूचनाओं को अनधिकृत व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा कार्यालयीन अनुशासन का उल्लंघन करने जैसे गंभीर आरोप सही पाए गए।

जिला प्रशासन के अनुसार विभागीय कार्यवाही के दौरान संबंधित कर्मी को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया गया, लेकिन वे संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच प्रतिवेदन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली के तहत उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक संबंधित लिपिक के खिलाफ पूर्व में भी कई विभागीय कार्रवाइयां की जा चुकी थीं और अलग-अलग मामलों में दंड भी दिया गया था। इसके बावजूद उनके कार्य व्यवहार और आचरण में अपेक्षित सुधार नहीं पाया गया।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि सरकारी सेवकों से उच्च स्तर की जवाबदेही, अनुशासन और नैतिक आचरण की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही, गोपनीय अभिलेखों के दुरुपयोग और कर्तव्यहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई को “जीरो टॉलरेंस नीति” का हिस्सा बताते हुए कहा कि सेवा नियमों और प्रशासनिक अनुशासन का उल्लंघन करने वाले कर्मियों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article