डीएम की अध्यक्षता में केन्द्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक, शैक्षणिक गुणवत्ता व आधारभूत सुविधाओं पर जोर

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: जिला पदाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में मंगलवार को केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2 दरभंगा की प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक, शैक्षणिक तथा आधारभूत संरचना से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2 के लिए स्थायी भूमि उपलब्ध कराए जाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रबंधन समिति के सदस्यों ने विद्यालय को स्थायी भूमि उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। सदस्यों ने कहा कि स्थायी भूमि मिलने से विद्यालय के विकास को गति मिलेगी और भविष्य में बेहतर शैक्षणिक एवं भौतिक सुविधाओं का विस्तार संभव हो सकेगा।

विद्यालय के प्राचार्य ने जिलाधिकारी को विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन की व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा संस्थान के समग्र संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देने तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के विद्यालय भवन के पीछे स्थित भूमि के सौंदर्यीकरण कराने का भी निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण वातावरण का निर्माण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा। बैठक में केन्द्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article