रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए मुखिया जी, निगरानी की कार्रवाई, उपमुखिया के पति से की थी रुपए की मांग

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार में निगरानी विभाग ने कार्रवाई करते हुए मुखिया को गिरफ्तार किया है। टीम ने मुखिया को 15 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा है। मुखिया की गिरफ्तारी के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मामला पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा स्थित बांसगांव पंचायत का है। जहां मुखिया ब्रजेश राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। वह मनरेगा की तीन योजनाओं में काम दिलाने के नाम पर उप मुखिया सोनी देवी के पति सुजीत कुमार सिंह से रुपये की मांग कर रहा था।

जानकारी के अनुसार मुखिया ब्रजेश राम उपमुखिया सोनी देवी के पति से मनरेगा की तीन योजनाओं जो वार्ड एक, दो और तीन में प्रस्तावित है उसमें काम दिलाने के बदले में पैसे की मांग की थी। मुखिया ने प्रति योजना पांच-पांच हजार रुपए की मांग रखी। इस बात की शिकायत सुजीत सिंह ने निगरानी टीम से की थी। टीम में शामिल अधिकारियों ने इसका सत्यापन किया। सत्यापन के बाद कार्रवाई के लिए टीम पंचायत में पहुंची।

सुजीत सिंह ने जैसे ही 15 हजार रुपये ब्रजेश राम को दिए, वैसे ही निगरानी टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम में शामिल इंस्पेक्टर मणिकांत ने बताया कि तीन योजनाओं को ऑनलाइन अपडेट करने के बदले पांच-पांच हजार प्रति योजना में मांग की जा रही थी। शिकायत के बाद मुखिया को पंचायत भवन में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है।

बगहा से  परवेज आलम की रिपोर्ट

Share This Article