मुंगेर में वर्चस्व को लेकर दो गुटों में गोलीबारी, एक की मौत, पुलिस जवान सहित 5 लोग घायल

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। इस वक्त की सबसे बड़ी खबर मुंगेर से आ रही है जहां वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दो गुटों में गोलीबारी हुई है। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक पुलिस जवान सहित 5 लोग जख्मी हैं। घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र के संदलपुर की है। यहां बीती रात वर्चस्व को लेकर दो गुटों में जमकर गोलीबारी हुई। जिसमें 6 लोगों को गोली लग गई। इसमें एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला सहित पांच लोग इस गोलीबारी में घायल हो गए। घायलों में एक बिहार पुलिस का जवान भी शामिल जो छुट्टी में अपने घर आया था । सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। वहीं गोलीबारी की सूचना पर पहुंची कोतवाली और कासिम बाजार पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इधर चिकित्सक द्वारा एक घायल महिला और एक पुरुष को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो  संदलपुर में निराला यादव और जीतू यादव के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद चलता है। बीती रात संदलपुर निवासी राधे यादव के पुत्र जीतू यादव का छेका था। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और गोलीबारी शुरू हो गई, इसमें करीब 20 से 25 राउंड गोली चली। इस गोलीबारी में जहां जीतू यादव पक्ष के राजीव यादव की सर में गोली लगने से मौत हो गई। वही निराला प्रसाद यादव की 40 वर्षीय पत्नी अंजुला कुमारी, उसके साले सूरज देव यादव का 30 वर्षीय पुत्र सावन देव यादव दोनों को कमर में गोली लगने और मुकेश यादव का 17 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार जांघ में गोली लगने के कारण घायल हो गया। वहीं इस गोलीबारी में अपने एक मित्र सत्यम कुमार के यहां से भोज खाकर लौट रहे ओढ़ा बगीचा निवासी बासुदेव यादव का 27 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार और संदलपुर में ही रहने वाले 55 वर्षीय अरविंद यादव पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं घटना के बाद से ही पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया । सूचना के बाद वहां पुलिस कैंप कर रही है।

मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट…

Share This Article