मुंगेर: एक साथ इतने जगहों पर चला वाहन जांच अभियान, लाखों का वसूला जुर्माना

Sanjeev Shrivastava


इम्तियाज खान, मुंगेर
मुंगेर: पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के निर्देश पर जिले में एक साथ 70 जगहों पर रोको, टोको, जांचों, पूछो अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सघन वाहन जांच की गई। इस जांच अभियान के दौरान 2,88,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि असामाजिक तत्वों, मनचलों, लहरिया कट बाइकर्स, लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ जिले भर में एक साथ अभियान चलाया गया था। जिले में समय-समय पर एक साथ 70 जगहों पर रोको, टोको, पूछो, जांचो अभियान चलाया जाता है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वाहन जांच अभियान के दौरान 1710 वाहनों की जांच की गई तथा 279 वाहनों से जुर्माने की राशि वसूल की गई। असरगंज थाना द्वारा सर्वाधिक 46,000 का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा बासुदेवपुर ओपी द्वारा 30,000, कासिम बाजार थाना द्वारा 31,000, जमालपुर थाना द्वारा 10,000, खड़गपुर थाना द्वारा 26,000, तारापुर थाना द्वारा 34,000, यातायात थाना द्वारा 18,500 ईस्ट कॉलोनी थाना द्वारा 13,500 व बरियारपुर थाना द्वारा 10500 रुपए बतौर जुर्माना वसूला गया। थानाध्यक्ष से लेकर अपर पुलिस अधीक्षक स्तर तक के पदाधिकारी विभिन्न जगहों पर वाहनों की जांच कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति सचेत करना है। इस दौरान सुरक्षित यात्रा के लिए सभी जरूरी मापदंडों के पालन की नसीहत भी दी गई। इसके अलावा पुलिस की उपस्थिति चौक चौराहों पर दिखाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने सभी मुंगेरवासियों से हेलमेट पहनकर बाइक चलाने की अपील की है और कहा है कि हेलमेट का उपयोग पुलिस से बचने के लिए नहीं बल्कि अपनी जिंदगी को बचाने के लिए करना बेहद जरूरी है।

Share This Article