NEWS PR डेस्क: पटना, 16 मार्च 2026। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी पांचों उम्मीदवारों की जीत पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही सुशासन और विकास की नीति की जीत है।
उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोकमोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश राम को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी विधायकों ने एकजुट होकर उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया, जिसके लिए वे बधाई और धन्यवाद के पात्र हैं।
सम्राट चौधरी ने कहा कि विधायकों ने एनडीए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए मतदान किया है। यह उनके गठबंधन के प्रति निष्ठा और बिहार के विकास के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि वे पांच बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव का लाभ अब राज्यसभा को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में उन्होंने बिहार के विकास को नई दिशा दी है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य ने तेज विकास की राह पकड़ी है और आगे भी उनके मार्गदर्शन में बिहार प्रगति करता रहेगा।
उन्होंने सामाजिक न्याय के पुरोधा स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोकमोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को पुनः राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर बधाई दी। साथ ही शिवेश राम को राज्यसभा सदस्य बनने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर राजनीति करती है और शिवेश राम का चयन इसी सोच का उदाहरण है।