NEWS PR डेस्क : 5 मार्च को प्रस्तावित प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनज़र नेपाल के पर्सा और बारा जिलों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 2 मार्च से 5 मार्च तक भारत-नेपाल सीमा को सील रखने का निर्णय लिया गया है।इस दौरान सीमा क्षेत्र में त्रि-स्तरीय सुरक्षा तंत्र लागू रहेगा, ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि या व्यवधान को रोका जा सके और मतदान निष्पक्ष एवं सुरक्षित वातावरण में कराया जा सके।
नेपाल में 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्सा जिला प्रशासन ने 2 मार्च की रात 12 बजे से 5 मार्च की रात 12 बजे तक भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान सीमा पर कड़ी निगरानी, सघन जांच और नियमित गश्त की व्यवस्था की गई है।
चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए पर्सा के प्रमुख जिला अधिकारी भोला दहाल के नेतृत्व में प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रक्सौल–वीरगंज सीमा पर स्थित मैत्री पुल का निरीक्षण किया। सीमावर्ती गांवों और प्रमुख नाकों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। अधिकारियों को सीमा पर सतर्कता बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीमा बंदी के दौरान केवल वे नेपाली नागरिक प्रवेश कर सकेंगे, जो मतदान के उद्देश्य से आएंगे और वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करेंगे। सोमवार से चुनाव प्रचार भी थम जाएगा और ‘मौन अवधि’ प्रभावी हो जाएगी।
प्रशासन ने चुनाव के साथ-साथ होली और रमजान के मद्देनजर भी विशेष एहतियाती दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव करना, जबरन रंग लगाना या बिना अनुमति मेले व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना प्रतिबंधित रहेगा। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इसी क्रम में मधेश प्रदेश के बारा जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और मतदाताओं में विश्वास कायम करने के लिए नेपाली सेना ने विभिन्न इलाकों में बख्तरबंद वाहनों के साथ गश्त शुरू की है। प्रमुख बाजारों, राजमार्गों और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
बारा जिले के चारों निर्वाचन क्षेत्रों में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा लागू किया गया है, जिसके तहत नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल संयुक्त रूप से निगरानी कर रहे हैं। महत्वपूर्ण चौराहों और सीमाई मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर गश्त के जरिए मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।