पटना से हाजीपुर-बिहारशरीफ के साथ पांच रूटों पर दौड़ेंगी नई CNG बसें, किराया ऑटो से भी कम

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। पटना बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम राजधानी वासियों के लिए नई खुशखबरी लेकर आया है। अब स्थानीय यात्रियों को पटना की सड़कों पर सफर करने के लिए खटारा बसों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। बीएसआरटीसी की ओर से नई सीएनजी बसों को सड़क पर उतारा जा रहा है। ये नई बसें अभी परिवहन निगम के मुख्यालय में खड़ी हैं। बहुत जल्द बाकी बसें आ जाएंगी। उसके बाद इन बसों के कागजी खानापूर्ति का काम शुरू होगा। फिर ये बसें, पटना की सड़कों पर दौड़ने लगेंगी।

डीजल बसों की संख्या होगी कम
इन बसों का परिचालन शहर और उसके आसपास के पांच रूटों पर किया जायेगा। इस व्यवस्था के बाद राजधानी पटना की नगर बस सेवा डीजल से चालित बसों से फ्री हो जाएगी। BSRTC की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक 75 बसों में से 42 बसों का इस्तेमाल पटना शहर और उसके आसपास के तीन रुटों पर किया जायेगा। इन रूटों में गांधी मैदान के अलावा पटना-एम्स, पटना-हाजीपुर और पटना-बिहारशरीफ रूट शामिल है। जिन पर ये बसें चलेंगी। फिलहाल, इन सभी रूटों पर 14-14 डीजल बसें चलाईं जा रही हैं। जिन्हें बदलकर पूरी तरह नई और हाईटेक टेक्नोलॉजी वाली सीएनजी बसें चलाई जाएंगी।

हाईटेक होंगी बसें
बीएसआरटीसी के कार्यालय से मिल रही खबरों के मुताबिक 20 बसों को राजधानी पटना के गांधी मैदान और बेली रोड रूट में चलाया जाएगा। BSRTC का मानना है कि इस रूट में यात्रियों की संख्या ज्यादा है। उसके अलावा 13 बसें गांधी मैदान और पटना सिटी के रूट में दी जाएंगी। जिससे यात्रियों को सिटी से पटना आने में आसानी होगी। इन 75 बसों में 25 एसी बसें हैं, जो ज्यादातर पटना एम्स और पटना साहिब रूट में परिचालित होंगी। इस रूट में भी यात्रियों की संख्या ज्यादा है। तीन-चार बसें आइआइटी बिहटा के लिए भी देने पर विचार चल रहा है।

यात्रियों को सुविधा
किराये की बात करें, तो इन बसों का किराया ऑटो से भी कम होगा। । BSRTC के मुताबिक अभी इसका औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। इन बसों के आ जाने से पुरानी बसों की संख्या घट जाएगी। उनकी संख्या मात्र 48 रह जाएगी। पूर्व में राजधानी में दौड़ रही 23 इलेक्ट्रिक बसों में अब सीएनजी बसें भी जुड़ जाएंगी। गांधी मैदान से पटना एम्स के बीच 14 बसें चलेंगी। वहीं गांधी मैदान से पटना रेलवे स्टेशन के बीच 20 बसें चलेंगी। उधर, पटना सिटी से गांधी मैदान के लिए 13 बसें और पटना हाजीपुर के लिए 14 बसें चलेंगी। इसके अलावा पटना बिहारशरीफ के लिए 14 बसें चलेंगी।

Share This Article