बिहार में निशांत कुमार फ्यूचर सीएम घोषित ! पटना में लगें पोस्टरों ने बढ़ाई सियासी हलचल

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति इन दिनों अफवाहों, अटकलों और अंदरूनी हलचलों के दौर से गुजर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे की चर्चाओं ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सत्ता के गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि 30 मार्च को कोई बड़ा राजनीतिक फैसला सामने आ सकता है, जिसने राज्य की सियासत को और गर्मा दिया है।

राजधानी पटना की सड़कों से लेकर राजनीतिक दफ्तरों तक, हर तरफ बदलते नेतृत्व की चर्चा सुनाई दे रही है। शहर में जगह-जगह लगे पोस्टरों ने इस बहस को और हवा दे दी है। इन पोस्टरों में निशांत कुमार को ‘फ्यूचर सीएम’ के रूप में पेश किया गया है, जिससे बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की अटकलें तेज हो गई हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच राज्य के प्रमुख राजनीतिक दल भी अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। चर्चा है कि बीजेपी बिहार में अपना मुख्यमंत्री चेहरा आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर काम कर रही है, जिससे गठबंधन की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं। वहीं जदयू के भीतर भी नए नेतृत्व और भविष्य की रणनीति को लेकर मंथन तेज हो गया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह केवल अफवाहों का दौर नहीं, बल्कि बिहार में किसी बड़े राजनीतिक बदलाव की पृष्ठभूमि भी हो सकती है। पोस्टरों के जरिए जनमत तैयार करने की जो कोशिश दिखाई दे रही है, वह इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।

हालांकि अब तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सियासी गलियारों में बढ़ती बेचैनी और चर्चाएं यह साफ संकेत दे रही हैं कि बिहार की राजनीति एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ी है। अब सबकी निगाहें 30 मार्च पर टिकी हैं—क्या यह दिन सत्ता परिवर्तन की नई कहानी लिखेगा, या फिर सियासी अटकलें महज़ चर्चा बनकर रह जाएंगी? इतना तय है कि आने वाले दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम और दिलचस्प साबित होने वाले हैं।

Share This Article