नितिन नबीन बन सकते हैं भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, 20 जनवरी को होगा ऐलान

Puja Srivastav
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के अगले सप्ताह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने की संभावना जताई जा रही है। बिहार से पांच बार विधायक रह चुके नितिन नबीन को बीते वर्ष पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अगले सप्ताह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे 19 जनवरी को अपना नामांकन दाखिल करेंगे और 20 जनवरी को उनके निर्विरोध चुने जाने की प्रबल संभावना है। सूत्रों का कहना है कि अध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य दावेदार के मैदान में उतरने की संभावना बेहद कम है।बताया गया है कि अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पार्टी मुख्यालय में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय पदाधिकारी और वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। यदि केवल एक ही नामांकन आता है, तो उसी दिन नए अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए तीन सेट में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। पहले सेट पर 20 से अधिक निर्वाचित प्रदेश अध्यक्षों के हस्ताक्षर होंगे। दूसरे सेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा के हस्ताक्षर होंगे, जबकि तीसरे सेट पर भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के हस्ताक्षर होंगे। पार्टी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मण औपचारिक घोषणा करेंगे। इस बीच, अध्यक्ष चुनाव की तैयारियों को लेकर जेपी नड्डा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक भी हुई, जिसमें नितिन नबीन के साथ बीएल संतोष, सुनील बंसल, अरुण सिंह और तरुण चुघ मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गौरतलब है कि नितिन नबीन को पिछले वर्ष 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनका चयन पार्टी में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हाल के महीनों में वे तमिलनाडु, असम, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी जैसे राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

45 वर्षीय नितिन नबीन बिहार के कद्दावर भाजपा नेताओं में गिने जाते हैं। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं। वे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं और भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं।

राजनीतिक सफर की शुरुआत उन्होंने भाजयुमो से की थी। वर्ष 2006 के उपचुनाव में पहली जीत के बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार विजय हासिल की। हाल ही में संपन्न 2025 के चुनाव में उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article