नीतीश कुमार के भरोसेमंद अधिकारी कुमार रवि अब निशांत के विभाग को करेंगे चुस्त-दुरुस्त

Amit Singh

पटना, 10 मई। बिहार में नई सरकार बनने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने पुलिस और प्रशासनिक ढांचे में व्यापक फेरबदल करते हुए 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही करीब 12 विभागों के सचिवों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा कुमार रवि के तबादले को लेकर हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और भरोसेमंद अधिकारियों में माने जाने वाले कुमार रवि अब तक मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के पद पर कार्यरत थे। सरकार ने उन्हें इस पद से हटाकर स्वास्थ्य विभाग का नया सचिव नियुक्त किया है।

नई जिम्मेदारी के तहत कुमार रवि अब स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के विभाग की प्रशासनिक कमान संभालेंगे। साथ ही उन्हें संसदीय कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इससे पहले वे भवन निर्माण विभाग के सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

सरकार के इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को शासन व्यवस्था में तेजी लाने और विभागों की कार्यक्षमता बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियों के जरिए सरकार विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय और तेज निर्णय प्रक्रिया सुनिश्चित करना चाहती है।

Share This Article