विधान परिषद में नीतीश का राबड़ी पर करारा तंज: ‘ई सब को कुछ आता था ?

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : सोमवार को बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही माहौल गरम हो गया। विपक्ष द्वारा कानून-व्यवस्था पर उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इतना भड़क गए कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष की नेता राबड़ी देवी पर कड़ी टिप्पणी कर दी। नीतीश कुमार की मगही में की गई ये टिप्पणियां जल्द ही सदन से बाहर आकर राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गईं।

विधायकों की नारेबाजी और नीतीश का पलटवार

सोमवार को बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही माहौल गरम हो गया। राबड़ी देवी के नेतृत्व में आरजेडी की महिला विधान पार्षदों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष का आरोप था कि राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार इसे नियंत्रित करने में विफल है। नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही बार-बार रुकी।

इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खड़े हुए और सभापति से हंगामा कर रहे सदस्यों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “ई सब को कुछ आता था? 15 साल सरकार में थे, कुछ नहीं किया। आज देख लीजिए, 20 साल में कितना काम हुआ है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में बिहार ने विकास के कई महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए हैं।

नीतीश कुमार ने सदन में तंज कसते हुए कहा, “ई तीन गो बोल रही है… सुन लो…”, और उनका इशारा मुन्नी रजक, राबड़ी देवी और उर्मिला ठाकुर की ओर था। राबड़ी देवी पर विशेष टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “ई लड़की है… इसके जो हट गए, कुछ दिन बाद इसी को बना दिया।” उनके इस अंदाज के बाद सदन में शोर और तेज हो गया।

सभापति ने विपक्ष से अपील की कि मुख्यमंत्री की बात सुनी जाए, लेकिन विपक्ष शांत नहीं हुआ। इसी दौरान आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह ने गृह मंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग रख दी। शोर-शराबे के बीच नीतीश कुमार बार-बार यह कहते रहे कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है।

Share This Article