पटना में गैस की कोई कमी नहीं: रोजाना 40 हजार सिलेंडर का वितरण, डीएम ने पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 06 अप्रैल। राजधानी पटना में एलपीजी गैस की आपूर्ति, वितरण और पीएनजी कनेक्शन की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी द्वारा महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई। बैठक में अधिकारियों को उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और गैस आपूर्ति को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कालाबाजारी, होर्डिंग, ओवरप्राइसिंग या गैस के अवैध उपयोग की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों को अधिक जिम्मेदार और रिस्पॉन्सिव तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यह भी कहा गया कि कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निष्पादन किया जाए तथा सोशल मीडिया या पब्लिक डोमेन में फैलने वाली अफवाहों का तुरंत खंडन किया जाए। जिलाधिकारी ने मिशन मोड में पीएनजी कनेक्शन का विस्तार करने, आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और प्रवासी श्रमिकों के हितों की रक्षा पर भी जोर दिया।

प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिले में कुल 136 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या 16,65,360 है। अब तक 13,11,349 बुकिंग दर्ज की जा चुकी है। प्रतिदिन औसतन 30 से 35 हजार बुकिंग हो रही है, जबकि 35 से 40 हजार सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग न करें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। उपभोक्ता घर बैठे ही एलपीजी रिफिल बुक करें, क्योंकि तेल विपणन कंपनियां (OMCs) द्वारा सिलेंडर सीधे घर तक पहुंचाया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए 24×7 जिला एलपीजी हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 जारी किया गया है, जहां त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि एलपीजी की पारदर्शी और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।

Share This Article