समृद्धि यात्रा के अंतिम दिन बेगूसराय को 330 करोड़ की सौगात, CM नीतीश ने ‘कैंपा कोला’ फैक्ट्री की रखी आधारशिला

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बेगूसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के अंतिम दिन बेगूसराय में विकास योजनाओं की झड़ी लग गई। मुख्यमंत्री ने जिले को करीब 330 करोड़ रुपये की 402 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, साथ ही बहुप्रतीक्षित ‘कैंपा कोला’ फैक्ट्री की आधारशिला रखकर जिले के औद्योगिक विकास को गति देने की बात कही।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर गांधी मैदान से लेकर बियाडा (BIADA) कैंपस तक उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के तहत कुल 118.67 करोड़ रुपये की 190 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 211.97 करोड़ रुपये की 212 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इन योजनाओं में सड़क, आधारभूत संरचना, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों का भी अवलोकन किया और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नई संभावनाओं पर जोर दिया। ‘कैंपा कोला’ फैक्ट्री की आधारशिला रखे जाने को जिले के औद्योगिक विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इससे पहले मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक पहले हेलीपैड परिसर में एक बैल के घुस आने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षाकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बैल को परिसर से बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रण में किया।

बेगूसराय में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति कमजोर थी और लोग असुरक्षा के माहौल में जी रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया है, जिसके कारण आज राज्य में शांति और सुरक्षा का माहौल बना है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए कब्रिस्तानों और मंदिरों की घेराबंदी जैसे कदम उठाए गए, जिससे विवादों में कमी आई है। उन्होंने दावा किया कि आज बिहार के गांव-गांव सड़क से जुड़े हैं और राज्य के अधिकांश हिस्सों तक कुछ ही घंटों में पहुंचा जा सकता है।

Share This Article