कार्यक्रम के दौरान पप्पू यादव को आया चक्कर, लड़खड़ाए सांसद; बीच में छोड़ना पड़ा कार्यक्रम

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार में जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार के बाद अब पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने की खबर सामने आई है। कटिहार जिले में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे पप्पू यादव को अचानक चक्कर आने लगा। इस दौरान वह लड़खड़ाने लगे और गिरते-गिरते बच गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तत्काल बैठने के लिए कुर्सी मंगाई। तबीयत खराब होने के कारण उन्हें कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर वापस लौटना पड़ा।
उद्घाटन के दौरान अचानक आने लगा चक्कर
जानकारी के मुताबिक, कटिहार में दुर्गा पूजा के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक का आयोजन किया गया था। इसके उद्घाटन के लिए पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान उनके आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें चक्कर आने लगा।
माइक हाथ में लिए लड़खड़ाने लगे सांसद
घटना से जुड़े वीडियो में देखा जा सकता है कि पप्पू यादव के हाथ में माइक है और उनके आसपास लोगों की काफी भीड़ जुटी हुई है। इसी दौरान उन्हें अचानक असहज महसूस होने लगा। चक्कर आने के कारण वह लड़खड़ाने लगे। स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उनके लिए कुर्सी मंगाई और उन्हें संभालने की कोशिश की।
वीडियो में पप्पू यादव हाथ से इशारा करते हुए भी नजर आ रहे हैं, जिससे वह चक्कर आने की बात बता रहे थे। इसके बाद उनके सिर पर पानी डाला गया। कुछ देर बाद उन्हें थोड़ी राहत मिली।

Share This Article