भोजपुर की बाढ़ पर छलका पवन सिंह का दर्द, सरकार से की अपील

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार के भोजपुर जिले में बाढ़ की स्थिति को लेकर भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह ने चिंता जताई है। उन्होंने अपने गृह क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लोगों की मुश्किलों को सामने रखा। साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने की अपील की।

बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़े दिखे पवन सिंह
पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर पीपरपाती, आरा समेत भोजपुर के अलग-अलग इलाकों की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर बाढ़ का पानी घरों में प्रवेश कर चुका है और लोग अपने ही घरों में फंसकर रहने को मजबूर हैं। वहीं, कटाव के चलते कई परिवारों के सामने घर और जमीन बचाने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।
पवन सिंह ने कहा कि प्रभावित परिवारों की परेशानी देखकर उन्हें काफी दुख हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचने की कोशिश करेंगे और उनकी समस्याओं को करीब से समझकर हर संभव मदद और सहयोग करेंगे।
मुख्यमंत्री से राहत कार्य तेज करने की अपील
पवन सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपील करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान को युद्धस्तर पर तेज किया जाना चाहिए। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक भोजन, पीने का पानी, दवाइयां और अन्य जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने की मांग की।
उन्होंने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नाव और अन्य संसाधनों की व्यवस्था करने की बात भी कही। इसके अलावा जिन इलाकों में कटाव का खतरा अधिक है, वहां तत्काल सुरक्षा और बचाव के ठोस इंतजाम करने की अपील की।
गंगा के बढ़ते जलस्तर से बढ़ी परेशानी
भोजपुर जिले के कई इलाकों में गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर दिखाई देने लगा है। कई स्थानों पर बाढ़ का पानी सड़कों और गांवों के आसपास पहुंच गया है। इससे आवागमन प्रभावित हुआ है और लोगों को जरूरी कामों के लिए बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। कुछ इलाकों में सड़क और पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के सामने सुरक्षित आवागमन के साथ-साथ भोजन, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता भी चुनौती बनती जा रही है।
‘सेवा भी करेंगे, सहयोग भी करेंगे और आवाज भी उठाएंगे’
पवन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों को अकेला महसूस नहीं करना चाहिए। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े रहने की बात कहते हुए कहा कि वह सेवा, सहयोग और उनकी समस्याओं की आवाज उठाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
पोस्ट के आखिर में पवन सिंह ने लिखा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि बाढ़ और कटान से प्रभावित हर परिवार सुरक्षित रहे, किसी के घर का चिराग न बुझे और जल्द ही सभी के जीवन में फिर से सुकून लौटे। सेवा भी करेंगे, सहयोग भी करेंगे और आवाज भी उठाएंगे। आपका अपना बेटा-भाई-पवन।

Share This Article