हाजीपुर में पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने लोजपा कार्यकर्ताओं संग खेली फूलों की होली

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह ने महुआ स्थित ओसी पैलेस (मिश्रा पेट्रोल पंप के पीछे) में आयोजित भव्य ‘फूलों की होली’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के कार्यकर्ताओं के साथ पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ होली खेली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा कि होली का पावन पर्व सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेलकर न केवल परंपरा का निर्वहन हुआ है, बल्कि इससे हमारे संगठन और गठबंधन की शक्ति तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल भी मजबूत हुआ है।”

मंत्री ने कार्यक्रम के भव्य आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण ही संगठन की वास्तविक ताकत है। इस अवसर पर ओसी पैलेस परिसर फूलों की खुशबू और जयघोष से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर आपसी सौहार्द का संदेश दिया और आगामी राजनीतिक लक्ष्यों को लेकर जीत का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने रंगों की जगह फूलों से होली खेलकर पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक राजनीति का संदेश भी दिया।

Share This Article