NEWS PR डेस्क : नरकटियागंज। प्रखंड मुख्यालय स्थित आवास कार्यालय में गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आवास निर्माण पूरा कर चुके 20 लाभुकों को नए घर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।

विधायक ने लाभुकों को सौंपी चाबी
बीडीओ सूरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विधायक संजय कुमार पांडेय ने आवास निर्माण पूरा करने वाले 20 लाभुकों को चाबी सौंपकर उन्हें बधाई दी।कार्यक्रम में रखई चम्पापुर पंचायत की जरीना खातून, मुन्नी खातून और हसीना खातून तथा डुमरिया पंचायत की संगीता देवी, ममता देवी समेत अन्य लाभुक शामिल रहे।
533 आवासों को मिली स्वीकृति
जानकारी के अनुसार, नरकटियागंज प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत कुल 533 लाभुकों के आवास निर्माण की स्वीकृति मिली है। कार्यक्रम के दौरान योजना के तहत आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों को सम्मानित किया गया।
हर जरूरतमंद परिवार को पक्की छत देने का लक्ष्य
विधायक संजय कुमार पांडेय ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम के बाद नरकटियागंज में भी लाभुकों को आवास की चाबी सौंपी गई।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराना है। विधायक ने नए स्वीकृति पत्र प्राप्त लाभुकों से समय पर निर्माण कार्य शुरू करने और गुणवत्तापूर्ण आवास पूरा करने की अपील की।
बिचौलियों से सावधान रहने की अपील
बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने लाभुकों को बिचौलियों से सावधान रहने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसा नहीं दें।कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि चंदन कुमार, प्रखंड कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट