औरंगाबाद में दहेज की बलि चढ़ी गर्भवती महिला, ससुरवालों पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। एक बार फिर एक महिला दहेज की बली चढ़ गई। ताजा मामला औरंगाबाद का है। जिले के सलैया थाना क्षेत्र के राजा बिगहा गांव में दहेज की बलि बेदी पर एक गर्भवती महिला कुर्बान हो गयी। परिजनों ने ससुराल वालों पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने सलैया थाना में दहेज हत्या की प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। मृतका के पति रक्षा मंत्रालय नई दिल्ली में पदस्थापित है।

आमस थाना क्षेत्र के बलखोरा गांव निवासी मृतका के पिता कृष्णा प्रसाद ने बताया कि वर्ष 2021 के 7 मई को उन्होंने अपनी बेटी की शादी सलैया के राजा बिगहा निवासी सिकंदर कुमार के साथ काफी धूमधाम से की थी। शादी को लेकर बेटी के ससुराल की सारी मांगे पूरी की गई थी। लेकिन शादी के एक माह बाद से ही उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का दौर चालू हो गया। दामाद के द्वारा एक भारी सोने की सिकड़ी तथा अपाचे बाइक की मांग की जाने लगी। बेटी की खुशी के लिए आश्वासन भी दिया गया था। लेकिन लड़के और उसके माता- पिता का प्रताड़ना बढ़ गया। इसी बीच बेटी गर्भवती हुई और इसी माह उसे बच्चा भी होने वाला था, लेकिन दहेज लोभियों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसकी सूचना ग्रामीणों के द्वारा प्राप्त हुई। सूचना पर जब बेटी के ससुराल पहुंचा तो देखा उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। वहीं घटना के बाद ससुराल के सदस्य फरार थे। पुलिस को सूचना दी गयी और शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। इधर सलैया पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

औरंगाबाद से रूपेश की रिपोर्ट

Share This Article