पटना: लड़की ने किया प्रेम विवाह, थाना पहुंच कर पिता को बोली- प्यार किया है गुनाह नहीं तो डरना क्या पिताजी, पिता ने थाना में करवाया था FIR

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। पटना में एक लड़की ने प्रेम विवाह करने के बाद पिता द्वारा थाना में लड़के के खिलाफ अपहरण के एफआईआर का फिल्मी तरीके से जवाब दिया और कहा कि जब प्यार किया तो डरना क्या पापा। हमने प्यार किया है, गुनाह नहीं। जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट थाने इलाके की रहने वाली एक लड़की को कुछ वक्त पहले अपने पड़ोस में रहने वाले एक लड़के से प्यार हो गया था। जिसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के विरोध में लड़की के पिता ने थाना में एफआईआर करवाया। तो लड़की अपने प्रेमी के साथ पहुंची और डायलॉगबाजी की।

थाना में लड़की ने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज करवाया कि वह लड़के के साथ काफी दिनों से रिलेशनशिप में है। घर वालों के राजी नहीं होने पर उसने भागकर अपनी मर्जी से विवाह किया है। पिता के सामने लड़की ने फिल्‍मी अंदाज में कहा कि उसने प्यार किया है, गुनाह नहीं; फिर डरना क्‍यों। बता दें कि लड़की के स्वजनों ने पहले ही रिश्ते से इनकार कर दिया था। लड़के और लड़की ने तय किया कि दोनों घर से भागकर शादी करेंगे। लिहाजा दोनों अपने-अपने घर से भाग गए। गुरुवार को उन्होंने ने विवाह कर लिया।

वहीं लड़की के घर से भागने पर उसके पिता ने पटना के एयरपोर्ट थाने में लड़के के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। जिसके बाद पुलिस की छानबीन शुरू होने से पहले ही लड़की लड़के संग थाने पहुंच गई और सारी कहानी पुलिस को बता दी। लड़की ने कहा कि दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है। फिलहाल पुलिस ने लड़की और लड़के को अपनी कस्टडी में लेकर 64 का बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय में भेज दिया है। मामले में एयरपोर्ट थानेदार ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article