पटना डेस्क
नई दिल्ली: BJP की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा बहुत जल्द होने वाला है। लगभग सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी अपनी सहमती दे दी है। बस ऐलान बाकी है। आपको बता दें कि इससे पहले टीम का ऐलान 10 जून से पहले किया जाना था, लेकिन कुछ कारणों से घोषणा टाल दी गयी। खबर ये भी है कि नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान होने के बाद ही मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल भी होगा।
अशोक यादव को किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनना तय
विधायक नितिन नवीन को सचिव और सांसद अशोक यादव को किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाया जाना तय माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली से सांसद प्रवेश वर्मा को भी संगठन में लिए जाने की संभावना है। किसान मोर्चा के अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह मस्त संगठन में उपाध्यक्ष बनाए जा सकते है। उधर प्रवक्ताओं की सूची में कुछ नए नाम शामिल हो सकते है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी और शाहनवाज हुसैन पार्टी के प्रवक्ता बने रह सकते हैं।
इसके साथ ही हरियाणा के जाट नेता और खट्टर सरकार में मंत्री रहे ओपी धनखड़ को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। अब तक पार्टी में सचिव का काम देख रहे तरुण चुग का प्रोमोशन कर उनको महामंत्री बनाया जा सकता है। अब तक पार्टी में आईटी सेल का काम देख रहे अमित मालविय को मीडिया विभाग का नया प्रमुख बनाये जाने की खबर।
सरकार में शामिल हो सकते हैं भूपेन्द्र यादव
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय टीम में बड़ा बदलाव हो सकता है। इस बार कुछ एकदम नए चेहरों को जगह मिल सकती है। महासचिवों में अनिल जैन, राम माधव, कैलाश विजयवर्गीय और अरुण सिंह के बने रहने की संभावना है, जबकि महामंत्री भूपेंद्र यादव को संगठन से सरकार में शामिल लिया जा सकता है। वहीं महासचिवों की टीम में पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को शामिल किया जा सकता है। माना जा रहा है कि बिहार में विधानसभा का चुनाव में बीजेपी भूपेन्द्र यादव के जरिए यादव और मनोज सिन्हा के जरिए भूमिहार जाति को साधना चाहती है।