राम मंदिर भूमि पूजन की तैयारियां पूरी, मन्दिर के आंतरिक और बाह्य स्वरूप के फोटो आएं सामने

PR Desk
By PR Desk

अयोध्या में 5 अगस्त होने वाले राम मंदिर भूमि पूजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। तीन दिवसीय भूमि पूजन का अनुष्ठान सोमवार से शुरू हो गया है। मुख्य पूजन 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी निर्धारित शुभ मुहूर्त में करेंगे। यह मुहूर्त 32 सेंकेड का है, जो मध्याह 12 बजकर 44 मिनट आठ सेकेंड से लेकर 12 बजकर 44 मिनट 40 सेकेंड के बीच है। बताया जा रहा है कि षोडश वरदानुसार 15 वरद में ग्रह स्थितियों का संचरण शुभ और अनुकूलता प्रदान करने वाला है।

राम की नगरी अयोध्या में इतिहास रचे जाने में अब 24 घंटे से भी कम का वक्त बचा है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर का भूमि पूजन करेंगे। जिसके बाद राम मंदिर निर्माण का काम तेज हो जाएगा। अयोध्या पूरी तरह सजकर तैयार है, गली-गली में राम नाम का भजन गाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है। पीएम मोदी बुधवार सुबह 11 बजे के आसपास अयोध्या पहुंचेंगे और करीब तीन घंटे तक वहां पर रुकेंगे। अयोध्या में मेहमानों का आना भी शुरू हो गया है, आज शाम तक अयोध्या की सीमाएं सील कर दी जाएंगी।

इस बीच सोमवार से आरम्भ हुए अनुष्ठान के प्रथम दिन गो-पूजन, प्रायश्चित अनुष्ठान, सहस्त्र मोदक से गणपति हवन, पंचांग पूजन, वेदिका पूजन, सर्वतोभद्र पूजन, ब्राह्मण वरण के अलावा अथर्व शीर्ष के मंत्रों से सहस्त्र आहुतियां दी गयी। इस पूजन के मुख्य आचार्य काशी के जयप्रकाश उपाध्याय थे। इसके अलावा अरुण दीक्षित व चद्रभानु शर्मा समेत काशी-कांची, अयोध्या व दिल्ली के 21 वैदिक आचार्य शामिल थे।

बताया जा रहा है कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर भव्यता और दिव्यता की अद्वितीय कृति के रूप में विश्व पटल पर उभरेगा। इस बीच मन्दिर के आंतरिक और बाह्य स्वरूप के कुछ और चित्रों को देखिए।

Share This Article