मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर भागलपुर में तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने जन-संवाद स्थल का किया निरीक्षण

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 15 मार्च 2026। मुख्यमंत्री Nitish Kumar की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने अधिकारियों के साथ जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी गांव में चिन्हित जन-संवाद स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर बन रहे पंडाल, मंच और विभिन्न विभागों के स्टॉल के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने पंडाल निर्माण से जुड़े संवेदक को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की संभावित भागीदारी को देखते हुए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के साथ-साथ हेलीपैड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का सफल और सुचारु संचालन हो सके।

प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री बैजानी गांव में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत प्रस्तावित विवाह मंडप निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे गांव में स्थित विशाल तालाब का भी अवलोकन करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article