बेतिया में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान के तहत जनसुनवाई, 52 मामलों पर हुई सुनवाई

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बेतिया। आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई में लोगों की शिकायतें सुनीं। जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 52 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें कई शिकायतों का तत्काल निपटारा किया गया।
राजस्व, पेंशन और भूमि विवाद से जुड़े मामले छाए रहे
जनसुनवाई के दौरान राजस्व संबंधी समस्याओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए। फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम तरनजोत सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं करने और संबंधित मामलों की प्रभावी निगरानी रखने पर भी जोर दिया।
सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान के तहत जनसुनवाई
यह जनसुनवाई राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करना तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाना है।
इस पहल के माध्यम से आम लोगों को अपनी शिकायतें सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, संबंधित विभागों को समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।जनसुनवाई के दौरान डीडीसी काजले वैभव नितिन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट।

Share This Article