NEWS PR डेस्क : बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रामपुर श्यामचंद पंचायत में नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने राघोपुर के अंचलाधिकारी दीपक कुमार को तत्काल प्रभाव से हटाकर जिला जन शिकायत कोषांग, वैशाली में प्रतिनियुक्त कर दिया है। वहीं, पातेपुर के अंचल अधिकारी प्रभात को राघोपुर अंचल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
प्रभात संभालेंगे राघोपुर अंचल की जिम्मेदारी
जिलाधिकारी वर्षा सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अंचल कार्यालय के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने और आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक बदलाव किया गया है। पातेपुर के अंचल अधिकारी प्रभात को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राघोपुर अंचलाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
उन्हें अविलंब प्रभार ग्रहण कर राजस्व सहित अंचल से जुड़े सभी कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। दूसरी ओर, दीपक कुमार को अगले आदेश तक जिला जन शिकायत कोषांग में योगदान देने को कहा गया है।
नाव हादसे के बाद लापरवाही के लगे थे आरोप
गौरतलब है कि रामपुर श्यामचंद पंचायत में नाव हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद लोगों ने तत्कालीन अंचलाधिकारी दीपक कुमार पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। ग्रामीणों का कहना था कि बाढ़ का पानी रहने के बावजूद नावों के परिचालन की समुचित निगरानी नहीं की गई।
घटना के बाद जिलाधिकारी ने दीपक कुमार का वेतन बंद करते हुए उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा था। हालांकि, गंगा और गंडक नदियों के जलस्तर में कमी आने तथा बाढ़ का पानी निकलने के बाद स्थिति सामान्य होने लगी थी। इसी दौरान अंचल के दैनिक कार्यों और जनसमस्याओं के निपटारे को लेकर उन्हें दोबारा जिम्मेदारी दिए जाने पर भी स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था।
अप्रैल में भी हुई थी कार्रवाई
दीपक कुमार के खिलाफ यह पहली प्रशासनिक कार्रवाई नहीं है। इससे पहले 2 अप्रैल 2026 को भी जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के आरोपों के मद्देनजर उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर जिला जन शिकायत कोषांग में योगदान देने का आदेश दिया था। उस समय राघोपुर के राजस्व अधिकारी राजीव रंजन चौधरी को अंचलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
फिलहाल, नाव हादसे के बाद दीपक कुमार को राघोपुर अंचल से हटाकर जिला जन शिकायत कोषांग में भेजने के फैसले को प्रशासनिक स्तर पर अहम कदम माना जा रहा है। अब नए अंचलाधिकारी प्रभात के सामने अंचल कार्यालय के कामकाज को व्यवस्थित करने, राजस्व संबंधी मामलों के निष्पादन और आम लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।