बारिश बढ़ाएगी बिहार में ठिठुरन, पटना सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार में तेज रफ्तार से चल रही हवाओं ने मौसम का रूख बदल दिया हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त पूर्वी हवा के प्रभाव से बादलों का आना शुरू हो गया है। गुरुवार रात शुरू हुई हवा की यह गति शुक्रवार को भी जारी है। राजधानी पटना सहित कई जिलों में बारिश हुई। हालांकि, बारिश और तेज हवा के बाद भी न्यूनतम तापमान में गुरुवार को कोई खास कमी नहीं देखी गई, जिससे ठंड से थोड़ी राहत रही है।

वहीं गुरुवार को मोतिहारी और दरभंगा में कोल्ड डे रहा जबकि 7.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी प्रदेश का ठंडा शहर दर्ज किया गया। राज्य भर में सतह से 1.5 किमी ऊपर पूर्वी हवा का प्रवाह बना हुआ है। हवा की रफ्तार आठ से दस किमी प्रति घंटे रही। मौसमविदों के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। राज्य के 38 जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, जिसमें पटना सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। पांच फरवरी के बाद न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट के आसार हैं, जिससे सुबह शाम ठंड बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम बिहार के 5 जिले पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, उत्तर मध्य बिहार के 7 जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर दक्षिण पश्चिम और बिहार 6 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल तथा दक्षिण पूर्व बिहार के 5 जिलों भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और उत्तर पूर्व बिहार के 7 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार में मौसम का येलो अलर्ट है।

इन 30 जिलों में अलग-अलग भागों में तेज गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। जबकि, दक्षिण मध्य बिहार के 8 जिलों पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है, यहां अधिकांश हिस्सों में तेज गरज और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है।

गुरुवार रात पटना सहित राज्य के 26 जिलों में तेज हवा की रफ्तार नहीं थमी है। पटना सहित बिहार के 26 जिलों में आकाशीय बिजली की कड़क जारी रही। आकाशीय बिजली के चमकने और बादलों के गरज से रात का सन्नाटा टूट रहा था। पटना में रात लगभग साढ़े 9 बजे से आकाशीय बिजली का कड़कना शुरू हुआ, जो 10 बजे तक काफी तेज हो गया। पटना सहित राज्य के अन्य 26 जिलों में भी यही हाल रहा है। हालांकि, बारिश रात 10 बजे के बाद से शुरू हुई है।

बता दें कि मौसम विभाग ने पटना सहित राज्य के 26 जिलों में 3 फरवरी को गरज के साथ बारिश का अलर्ट किया था। बताया था 3 और 4 फरवरी को बारिश का सिस्टम पूरी तरह से एक्टिव रहेगा।

Share This Article