नहीं रहे महाभारत के ‘भीम’, 74 साल के उम्र में एक्टर प्रवीण कुमार सोबती ने ली आखिरी सांस

Patna Desk

NEWSPR डेस्क।  टेलीविजन जगत से एक बहुत बुरी खबर सामने आई है। बीआर चोपड़ा के पौराणिक मशहूर सीरियल महाभारत में भीम का किरदार निभाने वाले शानदार एक्टर प्रवीण कुमार सोबती का निधन हो गया है। प्रवीण ने 74 साल की उम्र में अंतिम सांस लेते हुए इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। प्रवीण कुमार के निधन की खबर से हर कोई सदमे में है। प्रवीण कुमार महाभारत सीरियल के अलावा कई बॉलीवुड फिल्मों में भी अपनी दमदार एक्टिंग से फैंस का दिल जीत चुके हैं। लेकिन महाभारत सीरियल में भीम का किरदार निभाकर वो घर-घर में फेमस हो गए। उन्हें भीम के किरदार में काफी ज्यादा पसंद किया गया था। प्रवीण के निधन की खबर से उनके फैंस के दिल टूट गए है।

प्रवीण को उनकी शानदार कदकाठी के लिए भी जाना जाता था। पंजाब के रहने वाले प्रवीण 6 फीट लंबे थे। एक्टिंग में आने से पहले प्रवीण स्पोर्ट्स में भी काफी एक्टिव थे। वे एक हैमर और डिस्कस थ्रो एथलीट थे। प्रवीण ने एशियाई और कॉमनवेल्थ गेम्स में कई मेडल्स जीते थे।  हांगकांग में आयोजित एशियाई खेल में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। उन्होंने ओलंपिक में दो बार देश का प्रतिनिधित्व भी किया था। वो एशियाई खेलों में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य जीत चुके थे। साल 1967 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।

जानकारी के मुताबिक प्रवीण कुमार सोबती निधन से पहले आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने मदद के लिए सरकार से भी गुहार भी लगाई थी। उनका जन्म 6 दिसंबर 1947 को पंजाब में हुआ था। प्रवीण गोला फेंक और चक्का फेंक यानी हैमर और डिस्क थ्रो में नंबर वन खिलाड़ी रह चुके हैं। खेल की बदौलत ही प्रवीण कुमार को सीमा सुरक्षा बल (BSF) में डिप्टी कमांडेंट की नौकरी मिल गई थी। अमिताभ बच्चन की फिल्म शहंशाह में मुख्तार सिंह का किरदार प्रवीण कुमार सोबती ने ही निभाया था। करिश्मा कुदरत का, युद्ध, जबरदस्त, सिंहासन, खुदगर्ज, लोहा, मोहब्बत के दुश्मन, इलाका और अन्य जैसी कई फिल्मों में भी वह नजर आए।

 

Share This Article