NEWS PR डेस्क: पटना, 22 मार्च। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह राजनीतिक बयान नहीं बल्कि उनके नाम से चल रहे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स हैं। इन अकाउंट्स के जरिए कथित तौर पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री साझा की जा रही थी, जिससे परेशान होकर उन्होंने बिहार पुलिस के साइबर सेल का रुख किया है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर खुद इसकी जानकारी देते हुए कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर उनके नाम से कई नकली अकाउंट संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्व इन खातों के जरिए लगातार गलत और तथ्यहीन पोस्ट कर रहे हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट @RohiniAcharya2 ब्लू टिक वाले हैं और लोगों से अपील की कि वे फर्जी अकाउंट्स से सावधान रहें। रोहिणी ने यह भी बताया कि ऐसे अकाउंट्स संचालित करने वालों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
गौरतलब है कि रोहिणी आचार्य समय-समय पर विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा में रहती हैं। इससे पहले उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद यादव को किडनी दान कर मानवता का उदाहरण पेश किया था। इसके अलावा, वह सारण लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं और सोशल मीडिया पर राजनीतिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहती हैं।