NEWS PR डेस्क : तेजस्वी यादव के पैर के अंगूठे में लगी चोट पर रोहिणी आचार्य ने प्रतिक्रिया दी है | राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की सिंगापुर में रहने वाली बेटी रोहिणी आचार्य और उनके मायके के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ चुका है। सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहने वाली रोहिणी अपने विचार खुलकर और बिना झिझक साझा करती रही हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने एक बार फिर तेजस्वी यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधा है, हालांकि इस बार भी उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
रोहिणी आचार्य ने कहा कि जब चोट शरीर पर नहीं, बल्कि दिल पर लगती है तो उसका दर्द बेहद गहरा होता है। माना जा रहा है कि उनके इस बयान का इशारा राबड़ी आवास में उनके साथ हुए कथित घटनाक्रम की ओर है, जहां उनके साथ बदसलूकी हुई, उन्हें मारने के लिए चप्पल उठाई गई और घर से बाहर निकाल दिया गया। बताया जा रहा है कि यही घटनाएं उनके लिए दिल पर लगी चोट बन गईं।
दरअसल, राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोमवार को बिहार विधानसभा के बजट सत्र में व्हीलचेयर पर पहुंचे थे। उनके पैर के अंगूठे में चोट लगी थी, जिसकी वजह से उन्हें चलने में परेशानी हो रही थी। इस दौरान उनका एक वीडियो भी सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
इसके बाद रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने अपने पोस्ट में तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना लिखा कि शरीर पर लगी चोट भी पीड़ा देती है, लेकिन जब जख्म दिल पर लगता है तो उसका दर्द सहन से बाहर हो जाता है।