NEWS PR डेस्क: अलीगढ़ से सामने आया एक मामला रिश्तों की उलझन और सनसनी की कहानी बन गया है। बेटी की तय शादी, होने वाला दामाद, मां का कथित अफेयर और फिर फरारी… और अब उसी कहानी में एक नया मोड़ सामने आया है। पहले दामाद के साथ घर छोड़ने वाली महिला के बारे में दावा किया जा रहा है कि वह अब अपने जीजा के साथ चली गई है। शिकायतों और आरोपों के बीच यह पूरा मामला चर्चा में है।

यह घटनाक्रम अलीगढ़ के मडराक इलाके का बताया जा रहा है। एक परिवार में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। 16 अप्रैल 2025 की तारीख तय थी। घर में जेवर, नकदी और रिश्तेदारों की आवाजाही शुरू हो चुकी थी। लेकिन शादी से करीब 12 दिन पहले परिवार में हलचल मच गई।
परिजनों का आरोप है कि लड़की की मां अनीता और होने वाले दामाद राहुल के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती थी, जिसे लेकर परिवार ने आपत्ति भी जताई। इसके बावजूद संपर्क जारी रहा।
आरोप है कि अप्रैल 2025 की शुरुआत में अनीता घर से नकदी और जेवर लेकर राहुल के साथ चली गई। परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों को बरामद कर थाने लाया, लेकिन चूंकि दोनों बालिग थे, महिला ने अपनी मर्जी से राहुल के साथ जाने की बात कही। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे।
बताया जा रहा है कि वे बिहार के सीतामढ़ी जिले के एक गांव में रह रहे थे, जहां राहुल फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था। मामला कुछ समय के लिए शांत होता दिख रहा था, लेकिन अब इसमें नया मोड़ आ गया है।
हाल ही में राहुल ने अलीगढ़ पहुंचकर पुलिस से शिकायत की कि अनीता उसे छोड़कर अपने जीजा देवेंद्र के साथ चली गई है। उसने यह भी आरोप लगाया कि करीब दो लाख रुपये नकद और जेवरात साथ ले जाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि जिस स्थान से महिला के जाने का दावा किया जा रहा है, वह बिहार में आता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर मामला दर्ज करने में क्षेत्राधिकार की स्थिति स्पष्ट की जा रही है।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम में कई दावे और आरोप सामने आ रहे हैं। सच क्या है और आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। लेकिन अलीगढ़ से शुरू हुई यह कहानी अब कई नए मोड़ों के साथ सुर्खियों में है।