संतोष सुमन ने मालदा की घटना को बतायाअत्यंत निंदनीय, बोले- दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 03 अप्रैल 2026: पश्चिम बंगाल के मालदा में न्यायिक अधिकारियों पर हुए हमले को लेकर बिहार सरकार के मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है।

डॉ. सुमन ने कहा कि जिस प्रकार न्यायिक अधिकारियों को घेरकर भय का माहौल बनाया गया, वह कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और यदि किसी जनप्रतिनिधि या मंत्री की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपे जाने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के जरिए सभी दोषियों तक पहुंचा जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. सुमन ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और अब न्यायिक अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं, जो बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि सत्ता खिसकती देख वे विचलित हैं और शासन में अराजकता का माहौल बन रहा है।

डॉ. सुमन ने कहा कि बंगाल की मौजूदा परिस्थितियां देश में आपातकाल के दौर की याद दिलाती हैं, जब लोकतांत्रिक संस्थाओं और अधिकारों पर नियंत्रण देखा गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है और किसी भी हालत में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनावों से समझौता नहीं किया जा सकता।

उन्होंने अंत में कहा कि ममता सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा दिलानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article