स्कूल में फॉर्म भरने की बात कहकर निकलीं चार नाबालिग छात्राएं लापता, एक साथ गई थीं सभी; पुलिस ने शुरू की तलाश

Shreya Raj
Caption: गया के वजीरगंज थाना परिसर की तस्वीर, जहां चार नाबालिग छात्राओं के लापता होने के मामले में पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।

NEWS PR डेस्क: गया: गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र से चार नाबालिग स्कूली छात्राओं के एक साथ लापता होने का मामला सामने आया है। चारों छात्राएं बुधवार सुबह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटीं। शुक्रवार रात तक छात्राओं के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से चारों छात्राओं को जल्द बरामद करने की गुहार लगाई।

एक साथ घर से निकली थीं चारों छात्राएं

मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के सकर दास नवादा पंचायत के बिहियाइन गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, चारों छात्राएं रोज की तरह बुधवार सुबह घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थीं। बताया गया कि छात्राओं ने स्कूल में फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकलने की जानकारी दी थी हालांकि, निर्धारित समय के बाद भी जब वे घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

परिजनों ने पहले अपने स्तर से छात्राओं को रिश्तेदारों और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजा। काफी प्रयास के बावजूद जब उनका पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद वजीरगंज थाना पुलिस ने छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है।

स्कूल पहुंची पुलिस, शिक्षकों से ली जानकारी

छात्राओं के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। जांच के क्रम में पुलिस सकरदास नवादा स्थित उच्च विद्यालय पहुंची और वहां स्कूल के शिक्षकों से छात्राओं के संबंध में जानकारी ली। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्राएं स्कूल पहुंची थीं या नहीं और स्कूल से निकलने के बाद वे कहां गईं।

वहीं, इस घटना के बाद छात्राओं के परिवारों में चिंता का माहौल है। परिजन लगातार उनकी सुरक्षित बरामदगी का इंतजार कर रहे हैं।

वजीरगंज डीएसपी अभिनव कुमार ने बताया कि चारों छात्राओं की खोजबीन की जा रही है। पुलिस सभी संभावित स्थानों पर उनकी तलाश कर रही है। डीएसपी ने कहा कि छात्राएं एक साथ निकली थीं और पुलिस जल्द ही उन्हें बरामद करने का प्रयास कर रही है।

मामले में पुलिस स्कूल के प्रिंसिपल समेत अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल चारों छात्राओं के लापता होने की वजह और उनके ठिकाने का पता नहीं चल सका है। पुलिस की जांच और तलाश जारी है।

गया से रिपोर्टर: आशीष कुमार

Share This Article