बिहार में बदल सकता हैं स्कूलों का समय, आपदा विभाग ने सभी DM को लिखा पत्र, बढ़ती गर्मी को लेकर दिया सुझाव

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार में लगातार बढ़ते तापमान को लेकर स्कूलों के समय में बदलाव हो सकता है। बढ़ती गर्मी को मद्देनजर आपदा प्रबंधन विभाग इस पर विचार कर रहा है। स्कूल केवल एक ही शिफ्ट में संचालित हो सकते हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के सेक्रेटेरी संजय कुमार अग्रवाल ने इस आलोक में सभी डीएम को पत्र लिखा है।

पत्र में उन्होंने कहा है कि स्कूली बच्चों को भीषण गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक है कि विद्यालय को सुबह की पाली में ही संचालित किया जाए। सभी जिला पदाधिकारी को इस पर समीक्षा कर निर्णय लेने के लिए कहा गया है। सभी स्कूलों और परीक्षा केंद्रों और कार्य स्थल पर पेयजल की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है।

वहीं लू प्रभावितों के इलाज के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था, कार्य स्थल पर पेयजल की व्यवस्था, लू लगने पर प्राथमिक इलाज की व्यवस्था आदि सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। आम लोगों को गर्मी से राहत मिल सके, इसके लिए भी जरूरी सुविधा सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है। लू से बचाव के लिए आवश्यक है कि कुछ सावधानी बरतें।

बिहार में मौसम का मिजाज हर दिन बदल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से प्रदेश के उत्तरी भागों में पुरवा तो दक्षिणी भागों में पछुआ की स्थिति मजबूत बनी हुई है। इसकी वजह से  कहीं मौसम सामान्य बना है तो कहीं लू का असर दिख रहा है। अगले 24 घंटों में किशनगंज में हल्की बारिश तो बक्सर, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, नवादा, जमुई और गया लू की चपेट में रहेंगे।

इन मौसमी प्रभाव को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से येलो अलर्ट जारी किया है। अगले एक सप्ताह तक राज्य का औसतन उच्चतम तापमान 41 और न्यूनतम 26 डिग्री रहने के आसार हैं।

Share This Article