शाहनवाज़ हुसैन का राहुल गांधी पर हमला, बोले-संसद में अर्बन नक्सल जैसा व्यवहार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भागलपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद के भीतर “अर्बन नक्सल की तरह व्यवहार” कर रहे हैं।

शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी के साथ “अर्बन नक्सल की पूरी टोली” खड़ी नजर आती है और उनका रवैया संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी को अब देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था ही नहीं, बल्कि लोकसभा अध्यक्ष पर भी भरोसा नहीं रह गया है, जो संसदीय लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

“लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है रवैया”

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष के नेता को संसद के भीतर गंभीर और जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए। उनके अनुसार, संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है, जहां जनता के मुद्दों को बहस और चर्चा के माध्यम से उठाया जाना चाहिए, न कि अविश्वास और हंगामे के जरिए व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बार-बार संसद की कार्यवाही और प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को ठेस पहुंचा रहे हैं। शाहनवाज़ हुसैन ने इसे “अलोकतांत्रिक मानसिकता” का संकेत बताया।

सियासी बयानबाज़ी तेज होने के संकेत

शाहनवाज़ हुसैन के इस बयान के बाद भागलपुर समेत बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाज़ी और तीखी हो सकती है।

Share This Article