शेखपुरा को जल्द मिलेगा मेडिकल कॉलेज, जून में होगा शिक्षकों का तबादला, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: शेखपुरा, 03 जून। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत सामस बुजुर्ग पंचायत में आयोजित “सहयोग शिविर” कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शेखपुरा में जल्द मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शिलान्यास की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर तक पहुंचकर करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जून माह के भीतर महिला शिक्षकों को उनके पंचायत के नजदीक तथा पुरुष शिक्षकों को उनके प्रखंड के आसपास के विद्यालयों में पदस्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी न हो और बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 62 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें सड़क, भवन, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

मुख्यमंत्री ने “सहयोग शिविर” को सरकार की जनसमस्या समाधान की नई पहल बताते हुए कहा कि अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर में अब तक हजारों आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें अधिकांश का निष्पादन किया जा चुका है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आवेदन के निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारी को नोटिस दिया जाएगा और लगातार लापरवाही की स्थिति में निलंबन तक की कार्रवाई संभव है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सामस बुजुर्ग स्थित विष्णु धाम मंदिर में पूजा-अर्चना भी की और मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए जितनी भी राशि की आवश्यकता होगी, सरकार उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि अनुमंडल और जिला अस्पतालों से मरीजों को अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों में रेफर करने की परंपरा समाप्त की जाएगी। गंभीर मरीजों को ही बड़े अस्पताल भेजा जाएगा, जबकि सामान्य मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और राज्य को विकसित एवं समृद्ध बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article