NEWS PR डेस्क : मुजफ्फरपुर के एक व्यस्त इलाके से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला अपनी ही मासूम बेटी के साथ अमानवीय व्यवहार करती दिखाई दे रही है। घटना ने बाल सुरक्षा, पारिवारिक हिंसा और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गंभीर मुद्दों पर नई बहस छेड़ दी है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ने कथित तौर पर अपनी बेटी को सजा देने के लिए उसके स्कूल बैग में भारी ईंटें भर दीं। बोझ से दबकर बच्ची सड़क पर रोने लगी तो मां ने सार्वजनिक जगह पर ही उसके बाल पकड़कर मारपीट की। बच्ची दर्द और डर से चीखती रही, लेकिन महिला का गुस्सा कम नहीं हुआ।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने जब यह दृश्य देखा तो वे हैरान रह गए। कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर बच्ची को बचाने और महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला बेहद आक्रामक हो गई और समझाने आए लोगों से भी उलझ पड़ी। बाद में वह रोती हुई बच्ची को वहां से घसीटते हुए ले गई।
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मां-बेटी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।