‘हुनर नई शुरुआत की नींव’, इनायत खान ने किशोरियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं एवं रोजगार से जुड़ी किशोरियों ने बुधवार को महिला एवं बाल विकास निगम का भ्रमण किया। इस दौरान किशोरियों ने निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान से मुलाकात कर Meet & Greet कार्यक्रम में प्रशिक्षण, रोजगार और कार्यस्थल से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।


किशोरियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कई नए कौशल सीखने का अवसर मिला। प्रशिक्षण के बाद रोजगार प्राप्त करने के अनुभव के साथ-साथ काम के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में भी उन्होंने प्रबंध निदेशक से चर्चा की। इनायत खान ने किशोरियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना और उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

*प्रबंध निदेशक ने कहा- हुनर नई शुरुआत की नींव
इनायत खान ने किशोरियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “हुनर सीखना उसका अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। कौशल आपके आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की नींव है। आप अपने हुनर का निरंतर विकास करें और आगे बढ़ें।”
उन्होंने किशोरियों को उनके अधिकारों एवं महिलाओं से संबंधित कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी समस्या या परेशानी की स्थिति में किशोरियां बिना किसी संकोच के निगम तक पहुंचें और अपनी बात साझा करें। निगम उनके अधिकारों, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।

निगम की योजनाओं और अवसरों से कराया परिचित*
निगम भ्रमण के दौरान किशोरियों को महिला एवं बाल विकास निगम की विभिन्न योजनाओं, उपलब्ध अवसरों और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उन्हें कौशल को लगातार विकसित करने और रोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कौशल विकास टीम के निलेश मिश्रा एवं डॉ. महालक्ष्मी ने किशोरियों के निगम भ्रमण और Meet & Greet कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने प्रशिक्षित किशोरियों को निगम तक लाने, उन्हें योजनाओं एवं अवसरों की जानकारी देने तथा कार्यक्रम के लिए आवश्यक समन्वय किया।

महिला एवं बाल विकास निगम का उद्देश्य कौशल विकास के माध्यम से किशोरियों एवं महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और कौशलयुक्त बनाना तथा उन्हें शिक्षा, प्रशिक्षण एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है।

Share This Article