बिहार में 2.5 लाख घरों की छत पर लगेंगे सोलर पैनल, 31 मार्च तक दें सहमति

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 13 मार्च 2026। पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना के तहत कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजना के अंतर्गत यूएलए मोड में उपभोक्ताओं से सहमति प्राप्त की जा रही है, ताकि उनके घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए जा सकें।

विभाग की ओर से बताया गया है कि इच्छुक उपभोक्ता सुविधा ऐप के माध्यम से अपनी सहमति दे सकते हैं। हालांकि कई बीपीएल उपभोक्ताओं के पास स्मार्टफोन नहीं होने के कारण वे ऐप के जरिए सहमति नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए स्थानीय बिजली कार्यालय या क्षेत्रीय शिविर में जाकर आवेदन देने की व्यवस्था भी की गई है। सहमति पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

योजना के तहत प्रत्येक घर की छत पर 1.1 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जाएंगे। परियोजना के पहले चरण में राज्य के लगभग 2.5 लाख घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

छत पर लगाए जाने वाले सभी सोलर पैनल बिजली ग्रिड से जुड़े होंगे। इससे उत्पन्न होने वाली बिजली का उपयोग संबंधित घर के लोग कर सकेंगे। उपभोक्ताओं की सहमति मिलने के बाद विभाग की टीम उनके घर जाकर स्थल निरीक्षण करेगी। जिन घरों की छत छायारहित होगी, वहां सोलर पैनल निशुल्क लगाए जाएंगे।

विभाग के अनुसार इस योजना के पूरा होने के बाद राज्य में लगभग 275 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने की संभावना है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

Share This Article