सोनपुर मेला 2026: बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकार लगाएंगे चार चांद, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले को भव्य, आकर्षक और सुरक्षित बनाने के लिए सारण जिला प्रशासन ने व्यापक योजना तैयार की है। इस बार मेले में बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ रामायण मंचन भी आकर्षण का केंद्र होगा। वहीं, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए 250 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
सोनपुर मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें इंडियन आइडल, सा-रे-गा-मा-पा और राइजिंग स्टार जैसे मंचों से जुड़े चर्चित गायकों के साथ भोजपुरी कलाकार, लोकगायक और शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की मंडलियां प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा लगातार सात दिनों तक रामायण का मंचन कराया जाएगा।
250 से ज्यादा कैमरों से सुरक्षा
मेले के 20 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया गया है, जहां 250 से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। भीड़ की निगरानी के लिए ड्रोन और पेशेवर वीडियोग्राफरों की मदद भी ली जाएगी। इसके साथ ही केंद्रीय मेला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, ताकि शिकायतों और आपात स्थितियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सफाई और सुविधाओं पर विशेष जोर
स्वच्छता व्यवस्था के लिए मेला क्षेत्र को दो जोन और 14 सेक्टरों में बांटा जाएगा। हरिहरनाथ मंदिर परिसर, पहलेजा घाट, काली घाट, मीना बाजार और पशु बाजार में विशेष सफाई होगी। प्रत्येक 250 मीटर पर कूड़ेदान रखे जाएंगे और हर दो घंटे में कचरा उठाया जाएगा।
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान के बाद 24 घंटे के भीतर घाटों की सफाई कर चूने और कीटनाशक का छिड़काव करने की योजना है। प्रमुख स्थानों पर बड़ी LED स्क्रीन और स्मार्ट टीवी भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को कार्यक्रमों की जानकारी मिल सके। जिला प्रशासन विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए निविदा जारी कर रहा है। लक्ष्य है कि सोनपुर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित माहौल, बेहतर सुविधाएं और समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव मिले।

Share This Article