पटना में 2 मार्च से अतिक्रमण के खिलाफ स्पेशल ड्राइव, DM ने 9 टीमों का किया गठन

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: जिलाधिकारी पटना के निर्देश पर राजधानी में 2 मार्च से अतिक्रमण के विरुद्ध पुनः विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 9 टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न विभागों के समन्वय से शहर के प्रमुख इलाकों में कार्रवाई करेंगी।

यह मल्टी-एजेंसी अभियान पटना नगर निगम के छह अंचलों—नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटना सिटी—के साथ-साथ नगर परिषद खगौल, फुलवारीशरीफ और दानापुर निजामत क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा।

अभियान में प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, अग्निशमन, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल और विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी शामिल रहेंगे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अंतर्विभागीय समन्वय और प्रभावी संवाद के माध्यम से जनहित में कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही फॉलो-अप टीम और मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया है, ताकि हटाए गए अतिक्रमण दोबारा न हो सकें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। टी-प्वाइंट, गोलंबर और प्रमुख चौराहों को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा।

Share This Article